शिमला, (विजयेन्दर शर्मा) विधायक नाहन एवं प्रदेश अध्यक्ष डा. राजीव बिन्दल ने कफर्यू और लॉकडाउन के दौरान गरीब, जरूरतमंद और श्रमिकों को भोजन की व्यवस्था के लिए समाज के प्रमुख लोगों को आगे आने का आहवान किया है। डा. बिन्दल ने उद्योगपतियों से भी आग्रह किया कि वे अपने उद्योगों के श्रमिकों के खान-पान, स्वास्थ्य और सुरक्षा का पूरा ख्याल रखें। उन्होंने आग्रह किया कि कफर्यू और लॉकडाउन में राशन और अन्य जरूरी सामान को निशुल्क प्राप्त करने के लिए केवल वे लोग आगे आएं जो पूर्णतः निर्धन और अभावग्रस्त हैं।
डा. राजीव बिन्दल ने कहा कि नाहन विधानसभा क्षेत्र में नाहन भाजपा मंडल द्वारा अभावग्रस्त जरूरतमंद लोगों को राशन उपलब्ध करवाने के लिए दानदाताओं और जरूरतमंद लोगों की सूचियां बनाने का कार्य पूर्ण कर राशन पहुंचाना आरम्भ कर दिया गया है। उन्होंने आग्रह किया है कि केवल वे लोग ही निशुल्क राशन प्राप्त करने के लिए केवल गरीब और जरूरतमंद व्यक्ति ही आगे आएं।
डा. बिन्दल ने औद्योगिक क्षेत्र कालाआम और त्रिलोकपुर क्षेत्र का जिला प्रशासन, उद्योग विभाग, पुलिस अधिकारियों और पंचायत प्रतिनिधियों के साथ दौरा किया और लोकडाउन और कफर्यू के मददेनजर स्थिति की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि यद्यपि जयराम ठाकुर सरकार प्रदेश भर में राशन, दूध, सब्जियां, फल, दवाइयां, घरेलु गैस जैसी आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति को सुनिश्चित बना रही है, किन्तु संगठन स्तर पर भी हम लगातार प्रयास कर रहे हैं कि निर्धन और जरूरतमंद लोगों की हर संभव सहायता की जा सके।
डा. बिन्दल ने कहा-‘‘हमारा देश वर्तमान में विकट परिस्थितियों से गुजर रहा है। हमें हर सूरत में धैर्य धारण करते हुए कोरोना जैसी महामारी का सामना करना है। हम सब मिलजुलकर समाज का सहयोग करें तो हम इस लड़ाई को जरूर जीत पाएंगे।