ENGLISH HINDI Friday, April 26, 2024
Follow us on
 
खेल

‘हरियाणा खेल अकादमी’ बनाने का एलान

June 14, 2022 10:34 AM

चंडीगढ़, फेस2न्यूज:
पंचकूला के इन्द्रधनुष ऑडिटोरियम में खेलो इंडिया यूथ गेम्स 2021 के समापन अवसर पर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने हरियाणा खेल अकादमी बनाने की घोषणा की। जिसमें देशभर के खिलाड़ी प्रशिक्षण ले सकेंगे। उन्होंने कहा कि स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर को देखते हुए पंचकूला में एक होस्टल खोला जाएगा, जिसमें 200 खिलाड़ियों के रहने की व्यवस्था होगी। इसके जरिए खिलाड़ियों को अंतर्राष्ट्रीय स्तर की सुविधाएं देने के साथ ही उन्हें खेल में पारंगत करेंगे। मुख्यमंत्री ने खेलो इंडिया में हरियाणा के मेडल विजेता खिलाड़ियों को मिलने वाली ईनाम राशि को भी डबल करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि गोल्ड मेडल जीतने वाले खिलाड़ी को एक लाख रुपए, सिल्वर मेडल विजेता को 60 हजार रुपए और ब्रोंज मेडल लाने वाले खिलाड़ी को 40 हजार रुपए मिलेंगे। केवल यही नहीं उन्होंने खेलों में हिस्सा लेने वाले हरियाणा के खिलाड़ियों को भी प्रोत्साहन के रूप में 5 हजार रुपए देने की घोषणा की।
खेलो इंडिया में हरियाणा के खिलाड़ियों का धाकड़ प्रदर्शन
श्री मनोहर लाल ने कहा कि ‘खेलो इंडिया’ प्रतियोगिताओं का हरियाणा में आयोजन अत्यंत महत्व रखता है क्योंकि इस समय खेल जगत में राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर हरियाणा की एक अलग पहचान है। मुख्यमंत्री ने प्रसन्नता जताई कि हम सब मिलकर इस आयोजन को यादगार बनाने में सफल रहे। मुख्यमंत्री ने कहा कि खेलो इंडिया प्रतियोगिताओं के परिणाम से स्पष्ट है कि हरियाणा में खेल प्रतिभाओं की भरमार है। इसलिए हमने राज्य में कुछ विशेष खेल केन्द्रों को विकसित करने की अपेक्षा गांव-गांव खेल को बढ़ावा देने का काम किया है। हम आगे भी हर खिलाड़ी को सब खेल सुविधाएं प्रदान करेंगे और हरियाणा को खेलों की नर्सरी बनाएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा, ‘मैने गत 4 जून को इन खेल प्रतियोगिताओं के शुभारंभ अवसर पर कहा था कि जिस तरह से हरियाणा का जवान धाकड़ है, हरियाणा का किसान धाकड़ है और हरियाणा का पहलवान धाकड़ है। ठीक उसी प्रकार हमारे खिलाड़ी इन खेलों में प्रदर्शन भी धाकड़ करेंगे। मुझे खुशी है कि हमारे खिलाड़ियों ने मेरी इस बात को अक्षरशः साबित कर दिखाया।’
खेलो इंडिया से खिलाड़ियों की उम्मीदों को लगेंगे नए पंख
मुख्यमंत्री ने सभी खिलाड़ियों की खेल भावना की सराहना की और कहा कि आपने इन प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी दक्षता, शारीरिक क्षमता और मानसिक दृढ़ता का परिचय दिया है। पदक विजेता खिलाड़ियों को विशेष रूप से बधाई देते हुए मुख्यमंत्री ने कामना की कि जीत के इस सिलसिले को कायम रखते हुए आप अन्तर्राष्ट्रीय फलक पर भी देश के गौरव को बढ़ाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि आज सभी अनेक यादें साथ लेकर यहां से जाएंगे और खेलों की नर्सरी बन चुके हरियाणा की मिट्टी से एक ऐसा अनुभव भी लेकर जाएंगे, जो भविष्य में आपको बुलंदियों तक पहुंचाने में सहायक बनेगा। श्री मनोहर लाल ने उम्मीद जताई कि ये खेलो इंडिया प्रतियोगिताएं नवोदित खिलाड़ियों की उम्मीदों को नए पंख लगाने का काम करेंगी। मुख्यमंत्री ने खिलाड़ियों से कहा कि खेलो इंडिया केवल एक शुरुआत है। आपको इससे बहुत आगे जाना है। खेल केवल प्रतियोगिताओं तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि आपके दैनिक जीवन में शामिल होने चाहिए, चाहे वे स्थानीय खेल ही क्यों न हों।
प्रदेश में 1100 खेल नर्सरियां खोली जा रही
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार ने ग्राम स्तर से लेकर राज्य स्तर पर खेलों के लिए बुनियादी ढांचा तैयार किया है। प्रदेश में साल भर विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं आयोजित करने के लिए खेल कैलेंडर भी तैयार किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि हरियाणा देश का पहला राज्य है, जो पदक विजेता खिलाड़ियों को सर्वाधिक नकद पुरस्कार राशि देता है। मुख्यमंत्री ने कहा कि बच्चों में खेल संस्कृति विकसित करने के उद्देश्य से प्रदेश में 1100 खेल नर्सरियां खोली जा रही हैं। इससे राज्य के लगभग 25000 नवोदित खिलाड़ी लाभान्वित होंगे। राज्य सरकार खिलाड़ियों को बचपन से ही तराशने की नीति पर काम कर रही है। हम खिलाड़ियों को सभी आवश्यक सुविधाएं प्रदान करने के लिए कृत-संकल्प हैं।

 
कुछ कहना है? अपनी टिप्पणी पोस्ट करें
 
और खेल ख़बरें
ब्रिटिश उप उच्चायुक्त ने चंडीगढ़ में दिव्यांग क्रिकेटरों के साथ क्रिकेट खेला नॉर्थ ज़ोन हॉकी टूर्नामेंट के फाइनल में दिल्ली ऑडिट ने एजी पंजाब को 5-1 से दी शिकस्त ग्रासरूट्स हॉकी लीग के दूसरे दिन धमाकेदार प्रदर्शन जारी हरियाणा के 3 खिलाड़ियों का राष्ट्रीय खेल पुरस्कार 2023 के लिए हुआ चयन 41वीं सीनियर नेशनल नेटबॉल चैंपियनशिप में पंजाब की पुरुष टीम को मिला कांस्य पदक खेल महाकुंभ ओपन कैटेगरी का आयोजन 28 से 30 नवंबर तक महिला और पुरुष हॉकी टीम पहुंची फाइनल में राष्ट्रीय खेलों में गतका में स्वर्ण पदक जीतने पर रविंद्र सिंह को सम्मानित किया एशियाई रोलर-हॉकी चैंपियनशिप में कांस्य पदक जीत जीया ने चमकाया जीरकपुर का नाम, विधायक रंधावा ने किया सम्मानित अर्जुन बबूटा ने एशियन चैंपियनशिप में एक स्वर्ण और एक रजत पदक जीता