ENGLISH HINDI Sunday, February 22, 2026
Follow us on
 
ताज़ा ख़बरें
रोज़ फेस्टिवल में 10 रुपये के नए नोटों के लिए मारामारी, लगी लंबी कतारेंहिमाचल महासभा ने धनास में स्वच्छता अभियान चलायासेंट्रल बैंक ऑफ़ इंडिया गुप्ता मेमोरियल लीग क्रिकेट टूर्नामेंट में बैंक ऑफ़ बड़ौदा से 6 रन के मामूली अंतर से हारीराज्यपाल ने मंडी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता कीक्या असम विधानसभा चुनाव पर जुबिन गर्ग का मुद्दा छाया रहेगा?राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में की शिरकतफाजिल्का के अध्यापक भीम सेन शर्मा को नेपाल में मिला अंतर्राष्ट्रीय पुरस्कारऊर्जा और उत्कृष्टता के दो दिन: 16वाँ वार्षिक एथलेटिक मीट सफलतापूर्वक संपन्न
हिमाचल प्रदेश

राज्यपाल ने मंडी में अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की

February 22, 2026 07:58 PM

 फेस2न्यूज/मंडी 

राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल ने जिला मंडी में सप्ताह भर चले अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि मेले के समापन समारोह की अध्यक्षता की। इस अवसर पर लेडी गवर्नर जानकी शुक्ला भी उपस्थित रहीं।

इससे पूर्व, राज्यपाल ने ऐतिहासिक माधोराय मंदिर में पूजा-अर्चना की और पारंपरिक शोभायात्रा में भाग लिया। उन्होंने माता भीमाकाली परिसर स्थित देवलुधाम में भाग लिया तथा श्री राज माधव राय मंदिर में शीश नवाया और आशीर्वाद लिया।

राज्यपाल ने सदियों पुरानी पारंपरिक ‘जलेब’ शोभायात्रा में भी भाग लिया, जिसका नेतृत्व श्री राज माधव राय ने किया। उन्होंने श्रद्धालुओं के विशाल जनसमूह का अभिवादन किया। राज्यपाल और लेडी गवर्नर दोनों ने पारंपरिक पगड़ी धारण कर जनता का आत्मीय स्वागत स्वीकार किया।

राज्यपाल ने कहा कि यह मेला राज्य की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, आस्था और परंपराओं का जीवंत प्रतिबिंब है। उन्होंने कहा कि शिवरात्रि केवल एक पर्व नहीं, बल्कि आस्था, तपस्या और भक्ति का प्रतीक है। भगवान शिव को सृजन और संहार दोनों का प्रतीक बताते हुए उन्होंने कहा कि भगवान शिव का त्रिशूल हमें सत्य, धर्म और न्याय के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है, जबकि उनका डमरू सृजन और विनाश के शाश्वत चक्र का प्रतीक है।

पर्यावरणीय उत्तरदायित्व पर बल देते हुए राज्यपाल ने कहा कि विश्वनाथ के रूप में भगवान शिव प्रकृति और ईश्वर की एकरूपता का संदेश देते हैं। प्रकृति का सम्मान और सामाजिक तथा नैतिक दायित्वों का पालन ही शिव की सच्ची आराधना है। उन्होंने कहा कि प्रकृति संरक्षण केवल नैतिक कर्तव्य ही नहीं, बल्कि सच्ची भक्ति की मूल भावना है।

हिमाचल प्रदेश को देवभूमि बताते हुए राज्यपाल ने मंडी, जिसे ‘छोटी काशी’ के नाम से भी जाना जाता है, की आध्यात्मिक विरासत और प्राचीन मंदिरों की समृद्ध परंपरा की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह मेला राज्य की लोक संस्कृति, संगीत, नृत्य और हस्तशिल्प को बढ़ावा देने का महत्त्वपूर्ण मंच है, जिससे इसकी गौरवशाली परंपराओं का संरक्षण होता है।

मंडी नगर की स्थापना के 500 गौरवशाली वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राज्यपाल ने हेरिटेज वॉक, साहित्यिक कार्यक्रमों और सांस्कृतिक आयोजनों जैसी पहलों की सराहना की, जो क्षेत्र की ऐतिहासिक विरासत को उजागर करती हैं। उन्होंने इस वर्ष महोत्सव में जोड़े गए नए आयामों की भी प्रशंसा की, जिनमें पंचवक्त्र मंदिर के निकट ब्यास आरती, मंडी के इतिहास को दर्शाने वाले लेजर शो, अंतरराष्ट्रीय सांस्कृतिक दलों की भागीदारी, प्रथम ‘छोटी काशी साहित्य महोत्सव’, सरस मेला तथा महिला उद्यमियों को प्रोत्साहित करने वाली पहलें शामिल हैं।

राज्यपाल ने जिला प्रशासन के प्रयासों की सराहना की, जिन्होंने जलेब की प्राचीन परंपरा को संरक्षित रखने और देवताओं, श्रद्धालुओं एवं वादकों के लिए व्यापक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कीं। उन्होंने कहा कि 200 से अधिक देवी-देवताओं की उपस्थिति ने इस आयोजन को भव्यता और आध्यात्मिक ऊर्जस्विता प्रदान की।

इस अवसर पर सरस्वती विद्या मंदिर स्कूल के विद्यार्थियों ने भगवान शिव की महिमा पर आधारित एक आकर्षक नृत्य की प्रस्तुति दी।

उपायुक्त अपूर्व देवगन ने राज्यपाल और लेडी गवर्नर का स्वागत एवं अभिनंदन किया तथा सप्ताह भर चले कार्यक्रमों का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत किया। राज्यपाल ने शिवरात्रि महोत्सव का ध्वज मेला समिति के अध्यक्ष अपूर्व देवगन को सौंपकर मेले के समापन की औपचारिक घोषणा की।

पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर, विधायक चंद्रशेखर, अनिल शर्मा, इंद्र सिंह, दीप राज, विनोद कुमार, पूर्ण चंद ठाकुर, दलीप ठाकुर, राज्यपाल के सचिव सी.पी. वर्मा तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

 
कुछ कहना है? अपनी टिप्पणी पोस्ट करें
 
और हिमाचल प्रदेश ख़बरें
राज्यपाल ने अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव की सांस्कृतिक संध्या में की शिरकत हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के सेब उत्पादकों के हितों पर कुठाराघात है मुफ्त व्यापार समझौतेः मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू 28 फरवरी से पूर्व ई-केवाईसी सुनिश्चित करें सामाजिक सुरक्षा पेंशन लाभार्थी हिमाचल में पहली बार खुदरा शराब ठेकों और प्रवेश टोल बैरियरों की ई-नीलामी कांगड़ा में पर्यटन को लगेंगे पंख, एशिया की सबसे लंबी जिपलाइन परियोजना का होगा निर्माण स्कूलों में बच्चों के मोबाइल इस्तेमाल करने पर एक मार्च से लगेगा प्रतिबंधः मुख्यमंत्री 28 अप्रैल से 6 मई, 2026 तक आयोजित की जाएंगी विभागीय परीक्षाएं पांगी में मशालें जलाकर भगाए राक्षस, माइनस तापमान में शुरू हुआ ऐतिहासिक खौउल उत्सव! लोक भवन में उत्तर प्रदेश एवं पूर्वोत्तर राज्यों के स्थापना दिवस समारोह आयोजित हिम एमएसएमई फेस्ट 2026 प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम क्षेत्र को नई दिशा देगा: मुख्यमंत्री