वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र के विजन को पूरा करने के लिए शिक्षा व्यवस्था की गई सुदृढ़, प्रदेश में नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को वर्ष 2025 तक पूरी तरह करेंगे लागू, नई 10 आईएमटी की जाएगी स्थापित, लाखों युवाओं को मिलेगा रोजगार, गत साढ़े दस वर्षों में बिना पर्ची-बिना खर्ची एक लाख 80 हजार युवाओं को मेरिट पर दिया गया रोजगार, सैनी समाज ने हमेशा श्रम, त्याग और सेवा को माना अपना धर्म, मुख्यमंत्री ने सैनी शिक्षण संस्था में महात्मा ज्योतिबा फुले शिक्षा सदन का लोकार्पण तथा सैनी पब्लिक स्कूल के नए भवन का किया शिलान्यास
फेस2न्यूज /चंडीगढ़ /रोहतक
हरियाणा के मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के भारत को वर्ष 2047 तक विकसित राष्ट्र बनाने के सपने को साकार करने के लिए प्रदेश में शिक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ किया गया है। प्रदेश सरकार हरियाणा को शिक्षा के क्षेत्र में अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।
नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति को प्रदेश में वर्ष 2025 तक पूरी तरह लागू करने का लक्ष्य रखा गया है। सरकार द्वारा प्रदेश में नई 10 आईएमटी स्थापित की जाएंगी, जिन से प्रदेश के लाखों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे। सरकार द्वारा गत साढ़े दस वर्ष के दौरान बिना पर्ची-बिना खर्ची के एक लाख 80 हजार युवाओं को मेरिट के आधार पर सरकारी रोजगार दिया गया है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी स्थानीय सैनी शिक्षण संस्था के 75वें स्थापना वर्ष के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपस्थितगण को बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। उन्होंने शिक्षण संस्था के समर्पण भाव से शिक्षा के क्षेत्र में दिए जा रहे सराहनीय योगदान के लिए बधाई और शुभकामनाएं दी। शिक्षण संस्था ने समाज में शिक्षा का प्रकाश फैलाने के गौरवपूर्ण 75 वर्ष पूर्ण कर लिए हैं। गत 10 मई 1941 को इसी शहर की एक चौपाल में सैनी प्राइमरी स्कूल से शुरू हुई संस्था महात्मा ज्योतिबा फुले के कर्म ही पूजा है के संदेश पर चलते हुए 75 वर्षों बाद, आज यह सोसायटी एक वट वृक्ष बन चुकी है। उन्होंने अपने स्वैच्छिक कोष से संस्था के लिए 51 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की तथा सैनी शिक्षण संस्था द्वारा रखी गई सभी चार मांगों को यथासंभव पूर्ण करवाने का आश्वासन दिया। राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा ने शिक्षण संस्था को 21 लाख रुपए की राशि देने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने इस अवसर पर महात्मा ज्योतिबा फुले शिक्षा सदन का लोकार्पण तथा सैनी पब्लिक स्कूल के नए भवन का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि सामाजिक क्रांति के अग्रदूत महात्मा ज्योतिबा फुले व भारत की प्रथम महिला शिक्षिका सावित्री बाई फुले सैनी समाज के रत्न है। उन्होंने महिला शिक्षा के क्षेत्र में कार्य किया तथा कमजोर वर्गों के उत्थान के लिए जीवन पर्यंत संघर्ष किया। उन्होंने बालिकाओं की शिक्षा, विधवा विवाह, वंचित वर्गों के उत्थान के लिए निरंतर आवाज बुलंद की।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा फुले जैसे महापुरुषों द्वारा दिखाये गये मार्ग पर चलते हुए सरकार हरियाणा एक-हरियाणवी एक की भावना से कार्य कर रही है। महात्मा ज्योतिबा फुले ने कहा था कि शिक्षा ही व्यक्ति और समाज का उत्थान कर सकती है। उन्होंने अपनी पत्नी सावित्री बाई फुले के साथ मिलकर पुणे में भारत का पहला लड़कियों का स्कूल खोला। शिक्षा के दीपक ने ही नारी, पिछड़े व वंचित वर्गों में आत्म विश्वास जगाया। महाराज सूरसैन के वंशज सैनी समाज का इतिहास प्राचीन और गौरवशाली रहा है। इस समाज ने हमेशा श्रम, त्याग और सेवा को अपना धर्म माना है।
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि इसी प्रकार, संत श्री लिखमीदास जी, बल्लभगढ़ रियासत के सेनापति गुलाब चंद सैनी, बिहार में सामाजिक क्रांति के सूत्रधार बाबू जगदेव प्रसाद कुशवाहा जैसे समाज सेवक, हॉकी के जादूगर मेजर ध्यानचंद कुशवाहा जैसे खिलाड़ी तथा चंडीगढ़ स्थित रॉक गार्डन के निर्माता पद्मश्री नेकचंद सैनी जी जैसे कलाकार भी इसी समाज की देन हैं। स्वतंत्रता आंदोलन में भी सैनी समाज का बड़ा योगदान रहा है। आजाद हिन्द फौज के सेनानी सरदार महंगा सिंह सैनी व अजीत सिंह सैनी तथा हरि सिंह सैनी जैसे स्वतंत्रता सेनानी भी इसी समाज ने दिए हैं।
श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि प्रदेश में सर्व शिक्षा अभियान के तहत सभी बच्चों का स्कूलों में नामांकन सुनिश्चित किया गया है। स्कूलों में डिजिटल शिक्षा, स्मार्ट क्लासरूम, टैबलेट वितरण और ई-लर्निंग को प्रोत्साहन दिया गया है। बेटी पढ़ाओ, बेटी बचाओ अभियान को व्यवहार में उतारते हुए छात्राओं के लिए सुरक्षित परिवहन, छात्रवृत्ति और सैनिटेशन सुविधाएं बढ़ाई गई हैं। हर ब्लॉक में उत्कृष्ट मॉडल स्कूलों की स्थापना, बच्चों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, कोडिंग और डिजिटल कौशल की शिक्षा, कौशल विकास कार्यक्रमों को विद्यालय स्तर से जोड़ना और उच्च शिक्षा में अनुसंधान एवं नवाचार को बढ़ावा दे रहे हैं
मुख्यमंत्री श्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि राज्य के सभी 22 जिलों में अटल टिंकरिंग लैब्स स्थापित की हैं तथा 5 हजार से अधिक स्कूलों को वाई-फाई कनेक्टिविटी दी गई है। डिजिटल शिक्षा को बढ़ावा देने के लिए 10वीं से 12वीं के विद्यार्थियों को 5 लाख टैबलेट, लगभग 40 हजार कक्षाओं में डिजिटल बोर्ड तथा 1,201 आई.सी.टी. लैब स्थापित की हैं। प्रदेश में बच्चों की नींव मजबूत करने के लिए पहली से कक्षा तीन तक फंक्शनल लिटरेसी एवं न्युमरेसी कार्यक्रम की शुरुआत की है। हरियाणा में स्कूलों में ही नेशनल स्किल्ज क्वालीफिकेशंज फ्रेमवर्क के माध्यम से बच्चों को विभिन्न कौशलों में निपुण बनाने की व्यवस्था की है। अब तक 1,001 स्कूलों में यह व्यवस्था की जा चुकी है।
राज्य में 1,420 राजकीय मॉडल संस्कृति प्राथमिक विद्यालय बनाए गए हैं। प्रदेश में 218 राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय स्थापित किये हैं। पीएम. श्री स्कूल योजना के तहत प्रदेश में 250 पी.एम. श्री विद्यालय खोले गए हैं
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद रामचंद्र जांगड़ा, पूर्व मंत्री मनीष कुमार ग्रोवर, मेयर रामअवतार वाल्मीकि, राज्य सूचना आयुक्त कर्मवीर सैनी, सैनी शिक्षण संस्था के प्रधान अवनीश कुमार सैनी, ऑल इंडिया सैनी समाज के अध्यक्ष दिलबाग सिंह सैनी, एशिया कबड्डी फेडरेशन के अध्यक्ष गुलाब सिंह सैनी, भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता जवाहर सैनी आदि उपस्थित रहे।