फेस2न्यूज /चंडीगढ़
सेक्टर-16, अस्पताल की रोगी कल्याण समिति के सदस्य वसीम मीर ने शहर में आयोजित एयर शो को लेकर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने कहा कि एक ओर पूरा विश्व ऊर्जा संकट से जूझ रहा है, वहीं दूसरी ओर इस प्रकार के आयोजनों में भारी मात्रा में ईंधन खर्च किया जाना चिंताजनक है।
वसीम मीर ने मरीजों, घरों में रह रहे बीमार बुजुर्गों तथा सुखना झील के आसपास रहने वाले बेजुबान जीवों के लिए चिंता जताते हुए कहा कि शहर में कई बुजुर्ग और बीमार लोग ऐसे हैं जो शांति और स्वच्छ वातावरण पर निर्भर हैं, जबकि इस तरह के आयोजनों से उत्पन्न शोर और प्रदूषण उनके स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव डाल सकता है। इसके साथ ही सुखना क्षेत्र में रहने वाले पक्षी और अन्य जीव भी इससे प्रभावित होते हैं।
उन्होंने प्रशासन के दोहरे मापदंडों पर भी सवाल उठाते हुए कहा कि जब सुखना लेक पर कोई आम नागरिक छोटा सा कार्यक्रम करना चाहता है, तो उसे ध्वनि प्रदूषण जैसे नियमों का हवाला देकर अनुमति नहीं दी जाती, जबकि बड़े आयोजनों में सभी प्रकार की अनुमति आसानी से दे दी जाती है।
इसके अतिरिक्त उन्होंने कहा कि शहर में आए दिन कानून-व्यवस्था से जुड़े मामले सामने आ रहे हैं, कहीं-कहीं गोलीबारी जैसी घटनाएं भी हो रही हैं। ऐसे में जहां पुलिस बल की जरूरत आम जनता की सुरक्षा के लिए है, वहीं इस प्रकार के आयोजनों में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात करना भी एक गंभीर प्रश्न खड़ा करता है।
उन्होंने कहा कि प्रशासन को अपनी प्राथमिकताओं पर पुनर्विचार करना चाहिए और जनता की सुरक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं तथा पर्यावरण संरक्षण को सर्वोच्च प्राथमिकता देनी चाहिए। अंत में वसीम मीर ने प्रशासन से अपील की कि वह जनहित को ध्यान में रखते हुए संतुलित और जिम्मेदार निर्णय ले।