फेस2न्यूज /चंडीगढ़
हल्लोमाजरा, कजहेड़ी और सेक्टर-52 क्षेत्र के हजारों परिवार इन दिनों घरेलू गैस कनेक्शन की गंभीर समस्या से जूझ रहे हैं। हाल ही में सामने आए एक आधिकारिक पत्र के अनुसार तेल विपणन कंपनियों द्वारा नए गैस कनेक्शन अस्थायी रूप से बंद कर दिए गए हैं, जिससे आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
इस मुद्दे को लेकर शिकायतकर्ता विक्रम सिंह द्वारा पहले ही संबंधित विभाग में शिकायत दर्ज करवाई गई थी, लेकिन हैरानी की बात यह है कि उस शिकायत को “निपटाया गया” बताकर बंद कर दिया गया। इससे स्थानीय निवासियों में रोष बढ़ गया है। सोशल वर्कर अरविंद सिंह ने इस पर चिंता जताते हुए कहा कि यह समस्या सीधे आम जनता की रसोई से जुड़ी हुई है। गैस कनेक्शन बंद होने के कारण गरीब और मध्यम वर्गीय परिवार सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। उन्हें मजबूरी में महंगे और असुरक्षित विकल्पों का सहारा लेना पड़ रहा है।
उन्होंने बताया कि कई परिवार लंबे समय से नए गैस कनेक्शन का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के बजाय शिकायतों को बंद करना उचित नहीं है। अरविंद सिंह और विक्रम सिंह ने प्रशासन से मांग की है कि नए गैस कनेक्शन जारी करने की प्रक्रिया तुरंत शुरू की जाए, लंबित आवेदनों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाए तथा जनता को स्पष्ट समयसीमा और पारदर्शी जानकारी दी जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ, तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर इस मुद्दे को बड़े स्तर पर उठाया जाएगा।