24 को निकाली जाएगी श्री रामनवमी शोभायात्रा
फेस2न्यूज/चंडीगढ़
हिंदू पर्व महासभा ने हिंदू नव वर्ष विक्रमी संवत 2083 (19 मार्च) के उपलक्ष्य में सभी मंदिरों में खीर प्रसाद वितरण का निर्णय लिया है। संस्था के अध्यक्ष बीपी अरोड़ा और महासचिव कमलेश चंद्र सूरी ने बताया कि इस दौरान श्रद्धालुओं के लिए तिलक की व्यवस्था भी होगी। सुबह प्रभात फेरी, मंदिरों में हवन, दो घंटे संकीर्तन और भजन संध्या का आयोजन किया जाएगा। मंदिरों को रोशनी से सजाया जाएगा। 19 मार्च को श्री सनातन धर्म मंदिर, सेक्टर-23बी में शाम 6:30 से रात 10 बजे तक कार्यक्रम होगा। भजन संध्या, स्वामी कृष्ण कांता महाराज के प्रवचन, माता की चौकी और अंत में भंडारा भी आयोजित होगा।
संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि श्री रामनवमी से पूर्व 24 मार्च को दोपहर एक बजे से भव्य शोभायात्रा निकाली जाएगी। यह शोभायात्रा सेक्टर-23बी स्थित श्री सनातन धर्म मंदिर से प्रारंभ होगी। इसके बाद यात्रा सेक्टर-22 डी मार्केट और श्री जय शिव त्रिवेणी मंदिर (सेक्टर-22डी) पहुंचेगी। इसके पश्चात शोभायात्रा श्री सत्यनारायण मंदिर (सेक्टर-22सी) और सेक्टर-22सी मार्केट से होकर अरोमा चौक पहुंचेगी। वहां से श्री प्राचीन शिव मंदिर (सेक्टर-21सी) की ओर बढ़ेगी।
आगे यात्रा आजाद मार्केट (सेक्टर-20डी) और सेक्टर-20सी मार्केट से होते हुए श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर (सेक्टर-20) पहुंचेगी। इसके बाद श्री गुग्गा माड़ी संकट मोचन हनुमान मंदिर और श्री चैतन्य गौड़ीय मठ (सेक्टर-20) में जाएगी। अग्रसेन भवन (सेक्टर-30ए), श्री कृष्ण भक्ति आश्रम (सेक्टर-30ए) और श्री शिव शक्ति मंदिर (सेक्टर-30बी) से होकर गुजरेगी।
सेक्टर-30 मार्केट तथा सेक्टर-30-29 व 32-31 की डिवाइडिंग रोड से आगे बढ़ेगी। सेक्टर-31डी और सेक्टर-31सी मार्केट से होती हुई सेक्टर-31बी स्थित प्राचीन श्री बाबा बालक नाथ मंदिर में संपन्न होगी।