फेस2न्यूज/चण्डीगढ़
13 बटालियन सीआरपीएफ मुख्यालय में पुलवामा आतंकी हमले में शहीद हुए वीर जवानों की स्मृति में श्रद्धांजलि कार्यक्रम का आयोजन किया गया। दिनांक 14 फरवरी 2019 को जम्मू-कश्मीर के पुलवामा जिले में आतंकवादियों द्वारा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के काफिले पर कायरतापूर्ण हमला किया गया था। इस भीषण आतंकी हमले में 40 वीर जवानों ने राष्ट्र की सेवा करते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया।
यह घटना देश के इतिहास के सबसे दुखद और पीड़ादायक क्षणों में से एक मानी जाती है। तभी से प्रत्येक वर्ष 14 फरवरी को शहीदों के बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया जाता है।
इस अवसर पर श्रीमती कमल सिसोदिया, कमांडेंट, 13 बटालियन द्वारा शहीदों के शहीद स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित कर भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। सेरेमोनियल गार्ड द्वारा शोक शस्त्र की ड्रिल की गई तथा उनके अदम्य साहस और बलिदान को स्मरण किया गया।
अपने संबोधन में कमांडेंट ने कहा कि शहीद जवानों का त्याग और बलिदान सदैव राष्ट्र के लिए प्रेरणास्रोत रहेगा। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं जवानों से आह्वान किया कि वे राष्ट्र की सुरक्षा, कर्तव्यनिष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण की भावना के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करते रहें।
इस श्रद्धांजलि कार्यक्रम में बटालियन के सभी राजपत्रित अधिकारी, अधीनस्थ अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे। कार्यक्रम का समापन भारत माता की जय के उद्घोष के साथ किया गया।